झारखंड: सिंदूर दान से पहले लड़की ने शादी से किया इंकार,कहा- मुझे लड़का पसंद नहीं, धरने पर बैठे लड़के वाले
झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में मंगलवार को एक शादी समारोह में अजीबोगरीब घटना हुई. वरमाला हो गई। सात फेरे भी हो गए. जब सिंदूर दान की बारी आई तो दुल्हन मंडल से अचानक उठकर चली गई. दुल्हन ने कहा कि उसे दूल्हा पसंद नहीं है, इसलिए वह शादी नहीं करेगी. इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई.लड़की के इनकार के बाद वर-वधू पक्ष में हड़कंप मच गया.
इसी बीच दुल्हन के मां-बाप बेटी का समझाने पहुंचे, लेकिन लड़की नहीं मानी. दुल्हन के इनकार के बाद दूल्हा समेत बारात पक्ष के लोग समारोह स्थल पर ही धरने पर बैठ गए और शादी में हुए अबतक की खर्च हुई राशि लौटाने की मांग करने लगे. दूल्हे का कहना है कि या तो दुल्हन शादी कर साथ चले या फिर शादी पर उन्होंने जो खर्च किया है उसका हर्जाना चुकाए. करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने लिखित में दिया कि वह शादी का खर्च लौटा देंगे. इसके बाद बारात वापस हो गई.
जानकारी के अनुसार मांडर इलाके के रहने वाले विनोद लोहरा की शादी धुर्वा के मौसीबाड़ी में रहने वाली चंदा से तय थी. 29 जून को विनोद बरात लेकर चंदा के घर पहुंचा. शादी की रस्में शुरू हुई. वरमाला हुई. दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे भी ले लिए, लेकिन जैसे ही सिंदूर दान की बारी आई दुल्हन मंडप से उठ कर चली गई. दुल्हन के अचानक मंडप से उठ जाने से अफरा तफरी मच गई. लोग तरह-तरह की बातें करने लगे. उसके बाद मां-बाप समझाने पहुंचे तो लड़की ने यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि दूल्हा उसे पसंद नहीं है.
पूरी रात सिंदूरदान पूरा करने के लिए लड़का और लड़की पक्ष दुल्हन को समझाते रहे लेकिन दुल्हन नहीं मानी. दूसरी तरफ दुल्हन द्वारा शादी से इनकार करने के बाद लड़का पक्ष वाले धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि जब तक शादी में हुए खर्च की एक-एक पाई उन्हें नहीं मिल जाती वे यहां से नहीं जाएंगे.
धुर्वा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि देर रात शादी समारोह में हंगामे की सूचना मिली तो दल-बल के साथ हम वहां पहुंचे. दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. शादी के लिए दबाव नहीं डालने की बात कहने पर वर पक्ष लौट गया. दोनों पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.